CGPSC गड़बड़ी में ED का बड़ा एक्शन: बलरामपुर के एडिशनल कलेक्टर चेतन बोरघरिया गिरफ्तार, 6 दिन की रिमांड

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ीमनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बलरामपुर-रामानुजगंज के एडिशनल कलेक्टर चेतन बोरघरिया को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने ED को पूछताछ के लिए 6 दिन की कस्टोडियल रिमांड दी है।

ED ने इस मामले मे अदालत में दावा किया कि जांच के दौरान चेतन बोरघरिया और CGPSC मामले में पहले गिरफ्तार किए गए उत्कर्ष चंद्राकर के बीच WhatsApp चैट सामने आई है। एजेंसी अब इन बातचीत की कड़ियों को CGPSC में कथित अनियमितताओं और पैसों के लेन-देन से जोड़कर जांच कर रही है।

मामले को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि चेतन बोरघरिया वर्ष 2019 से 2022 के बीच तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यालय में OSD के पद पर तैनात रह चुके हैं। इसी दौरान CGPSC के तत्कालीन अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी भी सचिवालय में पदस्थ थे। ED अब इन प्रशासनिक कड़ियों के साथ-साथ कथित वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल कर रही है।

बताया गया है कि ED की जांच में बोरघरिया के बैंक खाते में बड़ी रकम के लेन-देन का एंगल भी सामने आया है। हालांकि, इन आरोपों और जांच एजेंसी के दावों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

वहीं चेतन बोरघरिया के वकीलों का कहना है कि उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। अब 6 दिन की ED रिमांड के दौरान पूछताछ में क्या नए तथ्य सामने आते हैं और उत्कर्ष चंद्राकर से उनके कथित संपर्क की वास्तविक भूमिका क्या थी, इस पर सबकी नजर है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े