मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, 12 नवंबर से शुरू होंगे दावे-आपत्तियां; 4 जनवरी को आएगी अंतिम सूची

18 वर्ष के युवाओं को मिलेगा मतदाता बनने का अवसर, घर बैठे ऑनलाइन भी कर सकेंगे आवेदन
छत्तीसगढ़ -लोकतंत्र में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना अब और भी महत्वपूर्ण हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में फोटोयुक्त मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इसके तहत 12 नवंबर 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन होगा और इसी दिन से 11 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के दिशा-निर्देशानुसार मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों के नाम जोड़ना, सूची की गलतियों को सुधारना और किसी भी पात्र मतदाता को पंजीकरण से वंचित होने से बचाना है। इसकी अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है।

युवाओं के लिए भी पंजीकरण का अवसर-

जो युवा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, वे मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष पूरे करने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकेंगे।

जानिए जरूरी तारीखें और फॉर्म-

मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण 2 नवंबर 2026 तक होगा। प्रारूप सूची 12 नवंबर को प्रकाशित होगी, दावे-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक और अंतिम सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।

नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 तथा पता बदलने, प्रविष्टियों में सुधार और ईपिक कार्ड के पुनर्मुद्रण के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जाएगा। प्रवासी भारतीय मतदाता फॉर्म-6ए के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं।

घर बैठे करें ऑनलाइन आवेदन-

नागरिक https://voters.eci.gov.in पोर्टल या ECINET ऐप के जरिए आवेदन कर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय में मतदाता सूची में अपना नाम जांचें और आवश्यक आवेदन कर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।

About The Author

इन्हें भी पढ़े