गांधी और शास्त्री के अनुपम आदर्शों को किया नमन, सेवा और स्वच्छता का लिया संकल्प
गांधी जयंती पर प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने एमसीबी मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में किया माल्यार्पण, सशक्त एमसीबी-सेवा संकल्प अभियान के तहत मनाया गया स्वच्छता दिवस
छत्तीसगढ़ –
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर एमसीबी मुख्यालय मनेंद्रगढ़ के गांधी चौक स्थित स्मारक में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले के प्रभारी एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, पूर्व संसदीय सचिव चंपादेवी पावले, कलेक्टर संतन देवी जांगड़े एवं जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम के साथ दोनों महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश केवल स्वतंत्रता संग्राम तक सीमित नहीं, बल्कि आज भी एक आदर्श समाज के निर्माण का आधार है। गांधीजी ने अपने आचरण से सिखाया कि सच्चाई, आत्मानुशासन और सेवा के मार्ग पर चलकर बड़े से बड़ा परिवर्तन संभव है।

वहीं लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सादगी, ईमानदारी, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उनका प्रसिद्ध संदेश ‘जय जवान, जय किसान’ देश की सुरक्षा और अन्नदाता के सम्मान का प्रतीक है। उनका जीवन बताता है कि सच्चा नेतृत्व पद से नहीं, बल्कि कर्तव्यनिष्ठा और आचरण से स्थापित होता है।
मंत्री ने कहा कि दोनों महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात कर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।






