कोरबा में बारिश बनी आफत, SECL डंपिंग का मलबा मुख्य सड़क पर आया; कार धंसी, बस फंसी
कोरबा। जिले में शनिवार को हुई तेज बारिश के बाद कनकी–सर्वमंगला मुख्य मार्ग पर अचानक हालात बिगड़ गए। SECL कुसमुंडा क्षेत्र की डंपिंग साइट से मिट्टी और मलबा बहकर मुख्य सड़क पर पहुंच गया। भारी मात्रा में मलबा जमा होने से सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गई और करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
मलबे की चपेट में आने से एक कार सड़क पर ही धंस गई। वहीं, करीब 40 से 50 यात्रियों को लेकर जा रही यात्री बस के पहिए भी कीचड़ में फंस गए। अचानक आई इस स्थिति से सड़क पर मौजूद वाहन चालकों और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम जटराज के पुनर्वास कार्य के लिए डंपिंग क्षेत्र में मिट्टी की कटाई और अन्य कार्य किए जा रहे हैं। बारिश होने पर इसी क्षेत्र से मिट्टी और मलबा बहकर सड़क तक पहुंच जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक, इस समस्या को लेकर वे पिछले करीब एक साल से संबंधित अधिकारियों और कंपनी प्रबंधन को शिकायतें दे रहे हैं, लेकिन स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण परेशानी लगातार बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे तेज बारिश के बीच अचानक बड़ी मात्रा में मलबा सड़क पर बहकर आया। कुछ वाहन चालक समय रहते संभल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कंपनी की ओर से मौके पर दो से तीन मशीनें लगाकर मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। काफी प्रयास के बाद सड़क से कीचड़ और मलबा हटाया गया और यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया।
बारिश के दौरान सामने आई इस घटना ने डंपिंग साइट से सड़क पर मलबा आने की समस्या को एक बार फिर उजागर कर दिया है। अब स्थानीय लोगों ने मांग की है कि संबंधित विभाग और कंपनी प्रबंधन इस समस्या का स्थायी समाधान करें, ताकि भविष्य में राहगीरों और यात्रियों की सुरक्षा खतरे में न पड़े।





