चिरमिरी में दो दिन गूंजेगा बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश, 20 और 21 अक्टूबर को होगा रावण दहन
डोमनहिल से छोटी बाजार तक सजेगा उत्सव का माहौल, मनेन्द्रगढ़ में 55 फीट ऊंचे रावण का होगा दहन; स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल होंगे शामिल
MCB – असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक दशहरा पर्व इस वर्ष चिरमिरी और एमसीबी जिले में विशेष उत्साह के साथ मनाया जाएगा। रावण दहन के आयोजनों को लेकर क्षेत्र में उत्सव का माहौल है। चिरमिरी में दो दिनों तक रावण दहन के कार्यक्रम होंगे, वहीं जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में भी भव्य आयोजन की तैयारियां हैं।
चिरमिरी के डोमनहिल में 20 अक्टूबर को रावण दहन किया जाएगा, जबकि 21 अक्टूबर को छोटी बाजार के एस ई सी एल गांधी ग्राउंड में भव्य आयोजन होगा। इसके अतिरिक्त चिरमिरी के पौड़ी मैदान में भी रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। वहीं कोरिया के झील क्षेत्र में भी रावण दहन की परंपरा उत्साह के साथ निभाई जाएगी।

एमसीबी जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में 21 अक्टूबर को 55 फीट ऊंचे रावण का दहन आकर्षण का केंद्र रहेगा। इन आयोजनों में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के शामिल होने का कार्यक्रम है।
रावण दहन केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि समाज को अहंकार, अन्याय, क्रोध और अधर्म से दूर रहने की प्रेरणा देने वाला प्रतीकात्मक आयोजन है। रामायण के अनुसार, भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर धर्म और मर्यादा की स्थापना की थी। यही संदेश आज भी प्रासंगिक है कि ज्ञान, शक्ति और वैभव के बावजूद अहंकार मनुष्य के पतन का कारण बनता है।
इन आयोजनों में पूजा-पाठ, मेले और सामूहिक उत्सव के माध्यम से सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूती मिलेगी। चिरमिरी से मनेन्द्रगढ़ तक दशहरे का उत्साह बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगा।





