महादेव सट्टा ऐप के आड़ मे देश की अब तक की सबसे बड़ी टैक्स चोरी का खुलासा कर DGGI ने मुख्य आरोपी सौरभ-रवि समेत 97 पर शिकंजा कस दिया

खबरों के अनुसार छत्तीसगढ़ से संचालित चर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में देश की सबसे बड़ी टैक्स चोरी का खुलासा हुआ है। डायरेक्टर जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) रायपुर जोनल ऑफिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महादेव बुक के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और सह-प्रमोटर रवि उप्पल समेत 97 लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जांच एजेंसी ने 1.45 लाख करोड़ रूपए के अवैध सट्टा कारोबार पर 40,603 करोड़ रूपए से अधिक की जीएसटी रिकवरी के लिए यह कदम उठाया है। यह देश में अब तक की सबसे बड़ी जीएसटी चोरी बताई जा रही है।

DGGI के डायरेक्टर जनरल सुजीत कुमार और जॉइंट डायरेक्टर शिवी सांगवान की जांच में सामने आया है कि 1 अप्रैल 2020 से 31 मार्च 2024 के बीच महादेव बेटिंग सिंडिकेट के जरिए करीब 1.45 लाख करोड़ रूपए का कारोबार किया गया था। इस नेटवर्क से मिलने वाली कुल कमाई का 80 फीसदी हिस्सा सीधे सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल तक पहुंचता था।

जांच के अनुसार DGGI रायपुर जोनल यूनिट ने 26 अगस्त 2026 को दो बड़े शो-कॉज नोटिस जारी किए हैं। पहले नोटिस में 66 और दूसरे में 31 लोगों को नोटिसी बनाया गया है। कुल 97 नोटिसियों में कथित प्रमोटर, पैनल ऑपरेटर, सहयोगी और नेटवर्क के अलग-अलग हिस्सों से जुड़े व्यक्ति शामिल हैं।
बताया जाता है कि
ऑनलाइन बेटिंग का इतना बड़ा कारोबार चलाने के बावजूद महादेव बुक का जीएसटी में कोई रजिस्ट्रेशन नहीं था और न ही कोई टैक्स जमा किया गया था। सुप्रीम कोर्ट के गेम्सक्राफ्ट फैसले के अनुसार पैसे दांव पर लगाकर खेले जाने वाले ऑनलाइन गेम्स पर 28 प्रतिशत जीएसटी देना अनिवार्य है। इसी के तहत अब प्रमोटरों, पैनल ऑपरेटरों और सहयोगियों से करोड़ों राजस्व नुकसान की वसूली की जाएगी।

जांच अधिकारियों के मुताबिक, महादेव बुक केवल एक एप नहीं बल्कि ऑनलाइन बेटिंग और मनी गेमिंग का विशाल सिंडिकेट है। इसके तहत गोल्ड365, लेजर247, प्ले247, 11एक्सप्ले, बेटबुक247, सिल्वरएक्सचेंज, क्रिकेटबेट9 और स्काईएक्सचेंज जैसी दर्जनों वेबसाइटों के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस जैसे खेलों पर दांव लगवाया जाता था।

पूरे नेटवर्क को चलाने के लिए करीब 2000 पैनल ऑपरेटर सक्रिय थे। जांच में खुलासा हुआ कि एक पैनल में रोजाना औसतन 5 से 10 लाख रूपए कैश जमा होता था। इस आधार पर पूरे सिंडिकेट के जरिए रोजाना करीब 99 करोड़ रूपये का बैंकिंग लेन-देन और कैश जमा कराया जाता था। हेराफेरी के इस काले कारोबार मे
व्हाट्सएप और बेनामी खातों से होता था लेन-देन और
पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपी खिलाड़ियों से सीधे व्हाट्सएप के जरिए संपर्क करते थे। इसके बाद उन्हें अलग-अलग पैनलों से जोड़कर फर्जी और बेनामी बैंक खातों में पैसे जमा कराए जाते थे। बदले में खिलाड़ियों को सट्टा खेलने के लिए डिजिटल पॉइंट या क्रेडिट दिए जाते थे।
इस संबंध मे चल रही जाँच मे यह सामने आ चूका है कि
महादेव एप के मुख्य सूत्रधार सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल भारत छोड़कर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) जा चुके हैं। दोनों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और सीबीआई की सिफारिश पर रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है। छत्तीसगढ़ पुलिस सहित देश की कई केंद्रीय एजेंसियां इनके प्रत्यर्पण (भारत वापसी) की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हैं। यूएई में गिरफ्तारी के बाद से ही दोनों पर शिकंजा कसा जा रहा है। जांच एजेंसियों ने इनकी देश-विदेश में मौजूद करोड़ों रूपए की बेनामी संपत्तियों, आलीशान बंगलों और शेल कंपनियों को भी चिन्हित कर कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी है।
DGGI की जांच में यह भी सामने आया है कि महादेव एप के मुख्य सर्वर दुबई और अन्य विदेशों से संचालित हो रहे थे। सट्टेबाजी से जुटाए गए हजारों करोड़ रूपए को ठिकाने लगाने के लिए 50 से अधिक फर्जी कंपनियां बनाई गई थीं। इन कंपनियों के जरिए पैसों को शेयर बाजार, रियल एस्टेट और अचल संपत्तियों में निवेश किया गया। जांच एजेंसियां अब इन विदेश भेजे गए पैसों की ‘मनी ट्रेल’ खंगाल रही हैं, ताकि मनी लॉन्ड्रिंग के इस पूरे वैश्विक नेटवर्क को ध्वस्त कर पूरी रिकवरी की जा सके।

About The Author

इन्हें भी पढ़े