CG – MP को रेलवे की बड़ी सौगात -बिलासपुर-कटनी रेल मार्ग होगा फोर लेन – 6,528 करोड़ से बदलेगी तस्वीर

छत्तीसगढ़ –
छत्तीसगढ़ व मध्य प्रदेश के प्रमुख रेलवे हब बिलासपुर तथा कटनीजक्शन को केंद्र सरकार ने बड़ी सौगात दी है। केंद्रीय कैबिनेट ने बिलासपुर से कटनी तक करीब 367 किलोमीटर लंबे रेल मार्ग को चार-लेन यानी फोर-ट्रैक में विकसित करने की मंजूरी दी है। करीब 6,528 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से कटनी जंक्शन सहित पूरे रेल कॉरिडोर पर ट्रेनों के संचालन की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।

वर्तमान में इस रेल मार्ग के कुछ हिस्सों में दोहरी और कहीं तीसरी लाइन होने के कारण यात्री एवं मालगाड़ियों के संचालन में दबाव बना रहता है। ट्रैफिक अधिक होने पर ट्रेनों को आउटर या लूप लाइन पर इंतजार करना पड़ता है। चार ट्रैक उपलब्ध होने से यात्री और मालगाड़ियों के संचालन को अधिक व्यवस्थित किया जा सकेगा। इससे ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार और रेल यातायात की गति बढ़ने की संभावना है।

रेल परियोजना विशेषज्ञ के अनुसार यह परियोजना मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच आवागमन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कटनी, उमरिया, शहडोल क्षेत्र से बिलासपुर, रायपुर और आगे दक्षिण भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिल सकती है। अतिरिक्त रेल क्षमता बनने से भविष्य में नई यात्री और एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन का रास्ता भी आसान होगा। वहीं कटनी से उत्तरप्रदेश, बिहार दिल्ली राज्यों के लिए यात्राएं सुगम हो जायेगी

साथ ही माल परिवहन के क्षेत्र में भी परियोजना का बड़ा असर होगा। कोयला, सीमेंट और अन्य औद्योगिक खनिजों की ढुलाई के लिए अतिरिक्त रेल क्षमता उपलब्ध होने से कटनी और बिलासपुर के आसपास के क्षेत्रों में लॉजिस्टिक्स गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है। इससे व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

फोर-ट्रैक परियोजना पूरी होने के बाद बिलासपुर व कटनी जंक्शन की भूमिका एक महत्वपूर्ण यात्री एवं माल परिवहन केंद्र के रूप में और मजबूत हो सकती है। इससे मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच आर्थिक गतिविधियों तथा अन्य राज्यों से संपर्क को भी गति मिलने की संभावना है। बहरहाल इस महत्वपूर्ण रेल परियोजना मे योजना व बजट की स्वीकृति मिलना काफी नहीं कहा जायेगा बल्कि देखने वाली बात यह होंगी कि जनहित से जुडी यह रेल परियोजना पूरी कब होंगी

About The Author