महाराष्ट्र में SIR को लेकर हलचल, 1.22 करोड़ मतदाताओं को नोटिस

महाराष्ट्र में मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। चुनाव आयोग की ओर से जारी प्रारूप मतदाता सूची में करीब 1 करोड़ 22 लाख मतदाताओं के रिकॉर्ड में विसंगतियां मिलने के बाद उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं। इन मतदाताओं से अपनी पात्रता और विवरण के समर्थन में अतिरिक्त दस्तावेज या प्रमाण प्रस्तुत करने को कहा गया है।

चुनाव आयोग के मुताबिक, इन मामलों में करीब 62.48 लाख मतदाताओं के रिकॉर्ड में परिजनों की जानकारी से विसंगति पाई गई है, जबकि लगभग 59.76 लाख मतदाता ‘अनमैप्ड’ श्रेणी में पाए गए हैं। ऐसे मतदाताओं को आवश्यक प्रमाण उपलब्ध कराने का अवसर दिया जा रहा है।

SIR से पहले महाराष्ट्र में करीब 9.78 करोड़ मतदाता दर्ज थे। प्रारूप मतदाता सूची में लगभग 7.71 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं, जबकि करीब 2.06 करोड़ नाम प्रारूप सूची में आगे नहीं बढ़े हैं। इनमें मृत मतदाता और एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों की पहचान भी शामिल है।

राज्य के कई विधानसभा क्षेत्रों में एक लाख से ज्यादा मतदाताओं के रिकॉर्ड में विसंगतियां सामने आई हैं। इनमें मालाड, धारावी, हडपसर, नागपुर के विभिन्न क्षेत्र, पनवेल और बडनेरा जैसे इलाके शामिल हैं।

चुनाव आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी मतदाता के नाम पर आपत्ति उठाने वाले व्यक्ति को ही संबंधित मतदाता के अपात्र होने का प्रमाण देना होगा। साथ ही, जिस मतदाता के नाम पर आपत्ति है, उसे अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा।

SIR की यह प्रक्रिया मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से चल रही है। महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर SIR 2026 की प्रारूप मतदाता सूची और नाम खोजने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े