कर्नाटक में बाल मजदूरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 800 बच्चों का रेस्क्यू
कर्नाटक में बाल मजदूरी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 800 बाल मजदूरों को रेस्क्यू किया है। पुलिस की विशेष टीमों ने राज्यभर में बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर बाल मजदूरी से जुड़े मामलों की जांच की।
जानकारी के मुताबिक, अभियान के दौरान पुलिस और संबंधित टीमों ने करीब 16,951 स्थानों पर जांच और निरीक्षण किया। इस कार्रवाई का उद्देश्य कम उम्र के बच्चों से मजदूरी कराने वाले प्रतिष्ठानों और नियोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करना तथा बच्चों को सुरक्षित निकालना था।

इस अभियान में बेंगलुरु पुलिस की सभी 11 डिवीजनों की टीमें शामिल रहीं। टीमों ने अलग-अलग इलाकों में दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और अन्य संभावित स्थानों पर जांच की।
रेस्क्यू किए गए बच्चों को संबंधित विभागों के समन्वय से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उनकी स्थिति के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि बाल मजदूरी बच्चों के शिक्षा और अधिकारों को प्रभावित करती है, इसलिए ऐसे मामलों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

पुलिस की इस कार्रवाई को बाल मजदूरी के खिलाफ एक बड़ी पहल माना जा रहा है। हालांकि, रेस्क्यू किए गए बच्चों की उम्र, उनके मूल स्थान और किन-किन प्रतिष्ठानों से उन्हें बचाया गया, इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना अभी बाकी है।





