गणपति बप्पा मोरिया के जयघोष से गूंज रहा छत्तीसगढ़, शहर से गांव तक गणेशोत्सव की धूम
Mumbai, India - September 12,2019 : Thousands of devotees bid adieu to tallest Lord Ganesha with colors in Mumbai during Ganesh Visarjan which marks the end of the ten-day-long Ganesh Chaturthi festival.
छत्तीसगढ़ में इन दिनों शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक भगवान गणेश की भक्ति का उल्लास देखने को मिल रहा है। गली-मोहल्लों से लेकर प्रमुख चौक-चौराहों तक सजे आकर्षक पंडालों में गणपति बप्पा की प्रतिमाएं विराजमान हो चुकी हैं। सुबह-शाम पूजा-अर्चना के साथ “गणपति बप्पा मोरिया” और “गणेश भगवान की जय” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा है। जगह-जगह धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन, आरती और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन शुरू हो गया है।
गणेशोत्सव को लेकर बच्चों और महिलाओं में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। बच्चे भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापना और सजावट में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं, वहीं महिलाएं पूजा की तैयारियों और धार्मिक आयोजनों में सहभागिता निभा रही हैं। अनेक स्थानों पर गणेश पंडालों को आकर्षक विद्युत सज्जा और धार्मिक थीम से सजाया गया है।

क्यों होती है भगवान गणेश की पूजा-
सनातन परंपरा में भगवान गणेश को प्रथम पूज्य माना गया है। किसी भी शुभ कार्य, धार्मिक अनुष्ठान या मांगलिक कार्य की शुरुआत भगवान गणेश की पूजा से करने की परंपरा है। मान्यता है कि भगवान गणेश विघ्नों को दूर करने वाले और बुद्धि, विवेक एवं शुभता प्रदान करने वाले देवता हैं। इसी कारण उन्हें विघ्नहर्ता और मंगलमूर्ति भी कहा जाता है।

धार्मिक आचार्य का कहना है कि भगवान गणेश का स्वरूप भी विशेष संदेश देता है। उनका बड़ा मस्तक ज्ञान और बुद्धि का प्रतीक माना जाता है, बड़े कान अधिक सुनने तथा छोटी आंखें एकाग्रता का संदेश देती हैं। माता-पिता के प्रति उनका सम्मान और समर्पण भी श्रद्धालुओं के लिए आदर्श माना जाता है।
गणेश पूजा की परंपरा-
गणेशोत्सव में श्रद्धालु विधि-विधान से भगवान गणेश की स्थापना कर उनका पूजन करते हैं। दूर्वा, फूल, सिंदूर, मोदक और लड्डुओं का भोग अर्पित किया जाता है। आरती और मंत्रोच्चार के साथ परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि तथा विघ्नों के निवारण की कामना की जाती है। यही आस्था गणेशोत्सव को बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के लिए श्रद्धा और उत्साह का पर्व बनाती है। शहर हो या गांव, इन दिनों पूरा छत्तीसगढ़ गणपति भक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है।





