दिल्ली एयरपोर्ट पर 11 गोल्ड बार बरामद, दुबई से आए दो यात्रियों पर कस्टम की कार्रवाई
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने सोने की तस्करी के प्रयास का पता लगाते हुए 11 गोल्ड बार बरामद किए हैं। यह कार्रवाई दुबई से दिल्ली पहुंचे एक महिला और एक पुरुष यात्री पर निगरानी के बाद की गई।
कस्टम विभाग के अनुसार, दोनों यात्री दुबई से Emirates की फ्लाइट EK-514 से दिल्ली पहुंचे थे। एयर इंटेलिजेंस यूनिट के अधिकारियों ने विशेष खुफिया जानकारी और प्रोफाइलिंग के आधार पर दोनों यात्रियों पर नजर रखी। अधिकारियों ने दोनों को फ्लाइट गेट से ही discreetly ट्रैक किया।

निगरानी के दौरान महिला यात्री को बैगेज बेल्ट नंबर 12 और 13 के पास वॉशरूम के बाहर पुरुष यात्री से बातचीत करते देखा गया। इसके बाद दोनों को कस्टम के ग्रीन चैनल से बाहर निकलते समय रोका गया।
महिला यात्री के सामान की एक्स-रे जांच और Door Frame Metal Detector (DFMD) से जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला। इसके बाद पुरुष यात्री के सामान की भी एक्स-रे जांच की गई, लेकिन शुरुआती जांच में सोने का पता नहीं चला।

हालांकि, पुरुष यात्री की DFMD जांच के दौरान मेटल डिटेक्टर ने तेज अलर्ट दिया। इसके बाद अधिकारियों ने तलाशी ली, जिसमें 11 गोल्ड बार बरामद हुए।
कस्टम विभाग के मुताबिक, बरामद सोने में 10 गोल्ड बार 10-10 तोला के थे, जबकि एक बार का वजन 1 किलोग्राम था। कुल वजन 2,168 ग्राम यानी करीब 2.168 किलोग्राम दर्ज किया गया है।
दोनों यात्रियों को हिरासत में लेकर सोना Customs Act, 1962 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अधिकारियों ने अभी यात्रियों के नाम, राष्ट्रीयता और बरामद सोने की कीमत जैसी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।





