भाजपा ने बदले प्रदेश प्रभारी, स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ की कमान
नई दिल्ली- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। छत्तीसगढ़ में उनके साथ सिद्धार्थ शंभू सह-प्रभारी होंगे। नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद छत्तीसगढ़ में यह नियुक्ति विशेष महत्व रखती है।
उत्तर प्रदेश का प्रभार विनोद तावड़े को, बिहार का हरीश द्विवेदी को, राजस्थान का संजय भाटिया को, मध्य प्रदेश का बिप्लब कुमार देब को, महाराष्ट्र का बैजयंत जय पांडा को और ओडिशा का डी. पुरंदेश्वरी को दिया गया है। गुजरात में तरुण चुघ, पंजाब व जम्मू-कश्मीर में सतीश पूनिया, जबकि तमिलनाडु व उत्तराखंड की जिम्मेदारी राम माधव को मिली है। तेलंगाना और पश्चिम बंगाल का प्रभार सुनील बंसल को सौंपा गया है। दिल्ली में विनय सहस्रबुद्धे तथा कर्नाटक में हरीश द्विवेदी को जिम्मेदारी मिली है।


इन नियुक्तियों में भाजपा ने कई अनुभवी नेताओं को ऐसे राज्यों में लगाया है जहां संगठन के विस्तार, सरकार और संगठन के समन्वय तथा आगामी चुनावी तैयारियों की चुनौती है। हालांकि नए प्रभारी पार्टी को कितना मजबूत कर पाएंगे, यह उनके स्थानीय नेतृत्व के साथ समन्वय, संगठन विस्तार और जमीनी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की क्षमता पर निर्भर करेगा। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं।






