जब एमसीबी कलेक्टर और एसपी ने थामी झाड़ू, मनेन्द्रगढ़ ने देखा स्वच्छता का संकल्प सड़क पर उतरे प्रशासन के मुखिया
छत्तीसगढ़ मे एमसीबी जिले के मनेन्द्रगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत उस समय प्रेरक तस्वीर सामने आई, जब महिला कलेक्टर संतन देवी जांगड़े और पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने स्वयं हाथों में झाड़ू थामकर सड़कों पर सफाई की।इस दौरान अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों के साथ किए गए सामूहिक श्रमदान ने स्वच्छता को लेकर प्रशासन की गंभीरता और जनजागरण का प्रभावी संदेश दिया गया l
झाड़ू बनी जिम्मेदारी का प्रतीक-

मनेंद्रगढ़ की सड़को पर झाड़ू लगाती कलेक्टर और एसपी की तस्वीर ने यह संदेश दिया कि स्वच्छ शहर केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से बनता है। इस दौरान प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों के आसपास सफाई कर कचरा और अनुपयोगी सामग्री भी हटाई गई।
स्वच्छता सिर्फ अभियान नहीं, जीवनशैली बने-

इस अभियान के दौरान नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने, कचरे का उचित निस्तारण करने और अपने घर एवं आसपास के क्षेत्र को साफ रखने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता को किसी एक दिन के अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन की आदत बनाना जरूरी है।
स्वच्छ शहर, स्वस्थ जीवन का आधार-

इस अभियान से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि स्वच्छता का सीधा संबंध स्वास्थ्य और पर्यावरण से है।वहीं गंदगी और जलभराव से बचाव, कचरे का सही निस्तारण और स्वच्छ सार्वजनिक स्थल स्वस्थ समाज की नींव हैं।
प्रशासन ने बढ़ाया हाथ, अब जनता की बारी-
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत हुए इस श्रमदान ने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के बीच सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया। मनेन्द्रगढ़ की सड़कों पर थमी झाड़ू ने साफ संदेश दिया है कि —स्वच्छ शहर की शुरुआत दूसरों से नहीं, स्वयं से होती है।





