स्मार्ट बोर्ड से बदलेगी ग्रामीण शिक्षा की तस्वीर, डिजिटल पढ़ाई से संवरेंगे बच्चों के सपने
एमसीबी जिले के 7 स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में स्मार्ट बोर्ड से पढ़ाई, 63 अन्य स्कूलों में स्थापना का प्रस्ताव; तकनीक के सहारे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की ओर बढ़ते कदम
छत्तीसगढ़ – के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला मे अब ग्रामीण बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने के लिए कक्षाओं में तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। कभी ब्लैकबोर्ड पर लिखे शब्दों और किताबों के पन्नों तक सीमित रहने वाली पढ़ाई अब चित्रों, वीडियो और एनिमेशन के माध्यम से अधिक रोचक बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में कलेक्टर संतन देवी जांगड़े की पहल के बाद सेवा संकल्प अभियान के तहत स्मार्ट बोर्ड की पहल ग्रामीण विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास आरम्भ हुआ है। इसका उद्देश्य केवल पढ़ाने का तरीका बदलना नहीं, बल्कि बच्चों की समझ, जिज्ञासा और आत्मविश्वास को मजबूत करना भी है।
एमसीबी जिले के सभी 7 स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालयों में स्मार्ट बोर्ड संचालित हैं। वहीं, 63 अन्य विद्यालयों में भी इन्हें स्थापित करने का प्रस्ताव है। यदि यह विस्तार प्रभावी ढंग से धरातल पर उतरता है, तो बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को तकनीक आधारित शिक्षण का लाभ मिल सकता है।

तस्वीरों और एनिमेशन से कठिन विषय होंगे आसान-
स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से गणित के सूत्र, विज्ञान के प्रयोग, मानव शरीर की संरचना और रासायनिक अभिक्रियाओं जैसी जटिल अवधारणाओं को दृश्य माध्यम से समझाना आसान हो सकता है। इससे विद्यार्थियों को विषयों की बेहतर समझ विकसित करने और कक्षा में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिलेगा। डिजिटल प्रस्तुतियों के जरिए कंप्यूटर शिक्षा, फाइल प्रबंधन और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों की जानकारी देना भी अधिक सहज हो सकता है।
तकनीक के साथ शिक्षकों की भूमिका भी अहम-
शिक्षाविद कहते है कि स्मार्ट बोर्ड की सफलता केवल उपकरण लगाने से नहीं, बल्कि उसके नियमित और प्रभावी उपयोग से तय होगी। इसके लिए शिक्षकों का प्रशिक्षण, निर्बाध बिजली, इंटरनेट और उपकरणों का रखरखाव जरूरी है। साथ ही, यह सुनिश्चित करना भी महत्वपूर्ण होगा कि तकनीक के लाभ से कोई विद्यार्थी वंचित न रहे।
लक्ष्य—हर बच्चे को बेहतर अवसर-
एमसीबी जिले में स्मार्ट बोर्ड का विस्तार ग्रामीण और शहरी विद्यार्थियों के बीच डिजिटल शिक्षा की दूरी कम करने में सहायक बन सकता है। जरूरत इस बात की है कि प्रस्तावित 63 विद्यालयों में स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़े और मौजूदा स्कूलों में भी इसका नियमित उपयोग हो। आधुनिक तकनीक, समर्पित शिक्षक और सीखने के अनुकूल वातावरण का मेल ही बच्चों के भविष्य को नई दिशा दे सकता है।





