सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान: 31 योजनाओं का होगा शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण
कोरिया:- प्रदेश में सुशासन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए राज्य शासन ने ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान’ शुरू किया है। इसके तहत 31 प्रमुख हितग्राहीमूलक योजनाओं का शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण किया जाएगा। कोरिया कलेक्टर रोक्तिमा यादव की अध्यक्षता में जिलास्तरीय अधिकारियों को इस संबंध मे प्रशिक्षण भी दिया गया। इस विषय पर कलेक्टर कोरिया ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का आधार हर परिवार तक योजनाओं की पारदर्शी और समयबद्ध पहुंच है। शासन स्वयं पात्र हितग्राहियों तक पहुंचकर उन्हें लाभान्वित करेगा। अभियान में मनरेगा, पीएम आवास, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, पेंशन योजनाएं, पीएम किसान, महतारी वंदन, जन-धन, वनाधिकार पट्टा, आधार सहित 31 योजनाएं शामिल हैं। इसकी रियल-टाइम निगरानी ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़ डैशबोर्ड’ के माध्यम से राज्य से ग्राम स्तर तक की जाएगी। यह अभियान तीन चरणों में चलेगा – पहला आधारभूत सर्वेक्षण और डेटा मानचित्रण, दूसरा ग्राम-स्तर पर संतृप्तिकरण शिविर और तीसरा निरंतर निगरानी व मूल्यांकन।








