MCB के खड़गवां से ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ का आगाज -मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बोले – 30 सितंबर को खड़गवां होगा टीबी मुक्त
MCB ( छत्तीसगढ़ )
स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने और गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘ छत्तीसगढ़ मे सेवा संकल्प अभियान 2026’ का शुभारंभ मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिला के ग्रामीण अंचल खड़ंगवा ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विधि विधान से किया

कार्यक्रम की शुरुआत सेवा संकल्प अभियान के लिए बनाए गए पंजीयन काउंटर से हुई। मंत्री ने स्वयं पंजीयन व्यवस्था का निरीक्षण किया और विभिन्न रोगों के लिए बनाए गए विभागवार कक्षों का जायजा लेकर स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों की जांच और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
30 सितंबर को खड़गवां को टीबी मुक्त घोषित करने का लक्ष्य-

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने कहा कि आगामी 30 सितंबर को जनपद खड़गवां को टीबी मुक्त घोषित किया जाएगा। उनका कहना था कि सरकार का प्रयास है कि बीमारी की पहचान शुरुआती स्तर पर हो और मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिले। उन्होंने कहा कि खड़गवां, चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ की जीवन दीप समितियों की आय में बढ़ोतरी हुई है, जो समिति से जुड़े लोगों की मेहनत का परिणाम है।


17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा मेगा हेल्थ कैंप–
मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने इस अवसर पर बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर मनेंद्रगढ़ में मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक लगातार स्वास्थ्य शिविर और स्क्रीनिंग अभियान चलाया जाएगा। स्क्रीनिंग में गंभीर बीमारी की पहचान होने पर मरीजों को संबंधित विशेषज्ञ केंद्र भेजा जाएगा और सरकार द्वारा इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
30 सितंबर से चिरमिरी में तीन दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप
स्वास्थ्य मंत्री का कहना था कि 30 सितंबर से चिरमिरी में तीन दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित जनोत्सव को स्वास्थ्य सेवा से जोड़ना है
कार्यक्रम के अंत में मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने उपस्थित लोगों को स्वस्थ जीवन, बीमारी से बचाव और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक रहने का संकल्प दिलाया और कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सरकार के साथ आमजनो की भागीदारी भी जरूरी है।





