पूरक पोषण आहार के नाम पर गर्भवती माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ के साथ रेडी टू ईट की गुणवत्ता खराब होने का आरोप
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती माताओं, धात्री महिलाओं एवं बच्चों को उपलब्ध कराए जाने वाले रेडी-टू-ईट पोषण आहार की गुणवत्ता को प्रदेश के कई जिलों से शिकायते सामने आने लग गई है लेकिन इसको लेकर प्रदेश के सूरजपुर जिले के ग्रामीण अंचल के ग्रामीणों में काफी आक्रोश सामने आ रहा है। ग्रामीणों ने आहार की गुणवत्ता बेहद खराब होने का आरोप लगाते हुए विभागीय व्यवस्था पर नाराजगी जताई है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस पोषण आहार का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं और बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है, वही सामग्री कथित तौर पर इतनी खराब गुणवत्ता की दी जा रही है कि उसे खाने में भी लोग संकोच कर रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रेडी-टू-ईट में गुणवत्ता के मानकों की अनदेखी की जा रही है और लंबे समय से शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद न तो मौके पर उचित जांच की गई और न ही गुणवत्ता की प्रभावी जांच कराई गई। इससे ग्रामीणों में विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर रोष बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि सरकार द्वारा गर्भवती माताओं और बच्चों के लिए पोषण आहार उपलब्ध कराया जा रहा है, तो उसकी गुणवत्ता की नियमित जांच होनी चाहिए। ग्रामीणों ने रेडी-टू-ईट की सामग्री के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच कराने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
जांच व कार्रवाई की मांग-
ग्रामीणों ने रेडी-टू-ईट के संचालन एवं वितरण में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की जांच की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि घटिया सामग्री से पोषण आहार उपलब्ध नहीं कराया जा सकता तो ऐसी व्यवस्था का क्या लाभ, जिसका उद्देश्य ही कुपोषण दूर करना है। ग्रामीणों ने कलेक्टर एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों से तत्काल टीम भेजकर करसी-मकनपुर सहित विकासखंड में वितरित किए जा रहे रेडी-टू-ईट की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है
वहीं इस मामले में जिला महिला बाल विकास कार्यक्रम अधिकारीयों का कहना है कि गुणवत्ता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कड़ी कार्रवाई के लिए जांच टीम गठित कर जांच कराई जाएगी। गुणवत्ता विहीन पाए जाने पर रेडी-टू-ईट सप्लायर के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।





