रेलवे प्लेटफार्म पर अचानक पहुंचा भालू, यात्रियों में मची दहशत

मनेन्द्रगढ़। गुरुवार सुबह करीब 4:45 बजे मनेन्द्रगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रीवा-चिरमिरी ट्रेन के रवाना होने के कुछ देर बाद अचानक एक भालू प्लेटफार्म परिसर में पहुंच गया। भालू को सामने देखकर वहां मौजूद यात्रियों और अन्य लोगों में दहशत फैल गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर इधर-उधर भागने लगे। गनीमत रही कि भालू ने किसी यात्री या स्टेशन पर मौजूद व्यक्ति पर हमला नहीं किया। कुछ देर तक स्टेशन परिसर में भय का माहौल बना रहा। भालू के अचानक रेलवे स्टेशन तक पहुंचने की घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में मानव-बस्ती और वन्यजीवों के बीच बढ़ते संपर्क को लेकर चिंता बढ़ा दी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही लगातार देखने को मिल रही है। ऐसे में भोर के समय रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। आमजन से विशेष अपील की गई है कि जो लोग सुबह आने वाली ट्रेनों से उतरने के बाद पैदल अपने घरों की ओर निकल जाते हैं, वे अंधेरे में अकेले पैदल जाने से बचें। इसी प्रकार सुबह तड़के ट्रेन पकड़ने के लिए घर से स्टेशन की ओर पैदल निकलने वाले लोग भी ऐसा करने से परहेज करें। आवश्यक होने पर समूह में यात्रा करें और संभव हो तो वाहन का उपयोग करें।वन्यजीव दिखाई देने की स्थिति में उसके करीब जाने, फोटो या वीडियो बनाने अथवा उसे भगाने का प्रयास न करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए तत्काल रेलवे कर्मचारियों या वन विभाग को सूचना दें। रेलवे स्टेशन जैसी भीड़भाड़ वाली जगह पर भालू के पहुंचने की घटना को देखते हुए लोगों ने रेलवे और वन विभाग से स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने तथा वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े