कोरिया-एमसीबी में शिक्षा विभाग की पदस्थापना पर पूर्व विधायक गुलाब कमरों का हमला
सूरजपुर के अधिकारियों-कर्मचारियों को प्राथमिकता देने का लगाया आरोप, आंदोलन की चेतावनी
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने कोरिया और एमसीबी जिले में शिक्षा विभाग की पदस्थापनाओं को लेकर भाजपा सरकार और शिक्षा विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कमरों का आरोप है कि दोनों जिलों में शिक्षा विभाग के महत्वपूर्ण एवं उच्च पदों पर सूरजपुर जिले से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को कथित तौर पर प्राथमिकता दी जा रही है।
पूर्व विधायक ने कहा कि कोरिया और एमसीबी जिले में योग्य शिक्षक, अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी उपलब्ध हैं, इसके बावजूद स्थानीय लोगों की अनदेखी कर दूसरे जिले, विशेषकर सूरजपुर में पूर्व में पदस्थ या निवास कर चुके लोगों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। उन्होंने इसे कथित रूप से एक सोची-समझी राजनीतिक रणनीति और साजिश का हिस्सा बताया।

गुलाब कमरों ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर योग्य और अनुभवी लोगों की उपलब्धता है तो उन्हें अवसर दिया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, लगातार बाहरी अधिकारियों की पदस्थापना से स्थानीय कर्मचारियों और योग्य अभ्यर्थियों में असंतोष की स्थिति बन रही है।

उन्होंने भाजपा सरकार और शिक्षा मंत्रालय से मांग की कि कोरिया एवं एमसीबी जिलों में शिक्षा विभाग के उच्च पदों पर की गई पदस्थापनाओं की निष्पक्ष समीक्षा की जाए तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध योग्य अधिकारियों-कर्मचारियों को भी उचित अवसर दिया जाए।
कमरों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी शिकायतों और आरोपों पर सरकार तथा शिक्षा विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो वे आने वाले समय में इस मुद्दे को लेकर बड़ा आंदोलन खड़ा कर सकते हैं।





