– रामानुजगंज ने मुझे अफसर नहीं परिवार बनाया – नरेंद्र दुग्गा संभागायुक्त
2001 में थे SDM, आज हैं सरगुजा संभाग के कमिश्नर- छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा के अंतिम छोर पर पुराने परिचितों से मिलकर हुए भावुक- औपचारिकता नहीं – रिश्तों की गर्माहट में बीता पूरा दिन
सरगुजा (छत्तीसगढ़ )
कहते हैं अधिकारी आते-जाते रहते हैं, लेकिन कुछ अफसर दिलों में बस जाते हैं। ऐसी ही एक तस्वीर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिले मे तहसील रामानुजगंज में दिखी, जहां 25 साल पहले एसडीएम रहे नरेंद्र दुग्गा अब सरगुजा संभाग के कमिश्नर बनकर लौटे थे ।

वो साल था 2001 तब सरगुजा अविभाजित था, और रामानुजगंज एक छोटा तहसील मुख्यालय। युवा एसडीएम के रूप में नरेंद्र दुग्गा की पहली पोस्टिंग यहीं हुई थी। जंगल, नदी और दो राज्यों की सीमा से घिरा यह इलाका तब और भी कठिन था। लेकिन दुग्गा ने फाइलों से ज्यादा लोगों के दिलो से नाता जोड़ा था और उनकी यही अपनत्व से भरी भयरहित वो शासकीय कार्यप्रणाली आज भी वहाँ के ग्रामीण अंचल मे रचे बसे गांव गरीब के जुबान से सुनने को मिलते रहते है
25 साल बाद जब कल के एसडीएम और आज के संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा का काफिला बलरामपुर जिले के रामानुजगंज पहुंचा तो नजारा अलग था। कमिश्नर के स्वागत में न सरकारी फूलमाला थी, न औपचारिक सलामी। पुराने चपरासी, रिटायर्ड पटवारी, किराना दुकानदार और वो किसान – जिनके खेत का सीमांकन दुग्गा ने खुद पैदल जाकर कराया था – सब दौड़े चले आए।
“रामानुजगंज ने मुझे अधिकारी नहीं, परिवार बनाया”–

रामानुजगंज तहसील परिसर मे बैठकर कमिश्नर दुग्गा ने यादें साझा कीं। बोले – “2001 में यहां संसाधन नहीं थे, पर लोगो के दिल बड़े थे। कोई भी अधिकारी हो, रामानुजगंज उसे हमेशा अपनापन देता है। मेरे लिए यह पोस्टिंग नहीं, पाठशाला थी।”
उन्होंने 2001 के बाढ़ के समय कन्हर नदी के किनारे बसे गांवों में रात-रात भर जागकर राहत पहुंचाने, पहली बार कम्प्यूटरीकृत राजस्व रिकॉर्ड बनाने और झारखंड सीमा पर शांति समिति की बैठक की कहानियां सुनाईं। जिससे मौजूद लोगों की आंखें नम हो गई थीं।
अफसर कम, परिवार के मुखिया ज्यादा–
रामानुजगंज वासियो की यदि माने तो रामानुजगंज के लोगों के लिए नरेंद्र दुग्गा आज भी ‘दुग्गा सर’ हैं। लोगो का कहना था कि “ऐसे अधिकारी कम मिलते हैं। इनके सामने अमीर-गरीब का फर्क नहीं होता और आदमी बिना डर के अपनी बात खोल के रख देता है, क्योंकि भरोसा है कि निदान निकलेगा और सम्मान भी बरकरार रहेगा
यही वजह थी कि स्वागत में सरकारी प्रोटोकॉल नहीं, आत्मीयता हावी रही। कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा खुद लोगों के साथ बैठ कर चाय पी, पुराने कर्मचारियों का हाल पूछा। एसडीएम ऑफिस के पुराने अर्दली से लेकर वर्तमान तहसीलदार तक – सबके साथ एक ही तरह से पेश आए।
रामानुजगंज के लोगों ने कहा – “हमने कई कलेक्टर-कमिश्नर देखे, पर नरेंद्र दुग्गा जैसे शासकीय सेवक कम ही देखने को मिलते हैं।”
25 साल का यह सफर सिर्फ एक अधिकारी की तरक्की नहीं, बल्कि उस रिश्ते की कहानी है जो कुर्सी बदलने के बाद भी नहीं बदलता।





