सूरजपुर में दम तोड़ती स्वास्थ्य व्यवस्था! गणेशपुर स्वास्थ्य केंद्र में ताला, अस्पताल के बाहर प्रसव और नवजात की मौत; आखिर कब जागेगा स्वास्थ्य विभाग?

छत्तीसगढ़ – के सूरजपुर जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली का एक गंभीर मामला सामने आया है। रामानुजनगर विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गणेशपुर में प्रसव के दौरान नवजात शिशु की मौत से परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। आरोप है कि रात के समय प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला को लेकर परिजन स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, लेकिन वहां ताला बंद था और डॉक्टर तथा नर्स भी मौजूद नहीं थे। ऐसे में महिला का अस्पताल के बाहर ही प्रसव कराना पड़ा, जिसके बाद नवजात की मौत हो गई। वहीं, प्रसूता की हालत भी बिगड़ने की बात सामने आई है।

इस घटना ने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध आपातकालीन सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर जिस स्वास्थ्य केंद्र की जिम्मेदारी ग्रामीणों को समय पर इलाज और सुरक्षित प्रसव की सुविधा देना है, वहां रात के वक्त ताला बंद होने और स्वास्थ्यकर्मियों की अनुपस्थिति के आरोप क्यों सामने आ रहे हैं? यदि प्रसव जैसी संवेदनशील स्थिति में भी मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा है, तो ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

मामले को लेकर लोगों के आक्रोश के बाद सूरजपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने संबंधित डॉक्टर और नर्स के निलंबन का आदेश दिया है। हालांकि, कार्रवाई के बाद भी सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या निलंबन से मृत नवजात की जिंदगी वापस आ सकती है? क्या पीड़ित परिवार को हुई अपूरणीय क्षति की भरपाई हो सकती है?

सिर्फ निलंबन नहीं, जवाबदेही भी तय हो! स्वास्थ्य विभाग को यह स्पष्ट करना होगा कि रात में स्वास्थ्य केंद्र बंद क्यों था, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी कहां थे और आपातकालीन व्यवस्था क्यों नहीं मिली। मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई और जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों की नियमित निगरानी जरूरी है।

अब जरूरत केवल आदेश जारी करने की नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था बनाने की है, जिसमें किसी गर्भवती महिला को इलाज के अभाव में अस्पताल के बाहर प्रसव के लिए मजबूर न होना पड़े। आखिर कब तक लापरवाही के आरोपों के बाद कार्रवाई होगी और आम जनता अपनी जान की कीमत चुकाती रहेगी?

About The Author

इन्हें भी पढ़े