महिला जूनियर हॉकी में भारत का पाकिस्तान पर ऐतिहासिक प्रहार, 19-0 से रौंदा
नई दिल्ली – महिला जूनियर हॉकी एशिया कप में भारतीय बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 19-0 के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में दमदार अंदाज में प्रवेश कर लिया। महिला हॉकी के किसी भी स्तर पर पाकिस्तान के खिलाफ यह भारत की सबसे बड़ी जीत बताई जा रही है।
मैच की शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखा और लगातार गोल दागते हुए मुकाबले को एकतरफा बना दिया। भारतीय फॉरवर्ड और मिडफील्ड का तालमेल पाकिस्तान की रक्षापंक्ति पर भारी पड़ा। पूरे मुकाबले में भारतीय टीम का आक्रामक खेल देखने को मिला।

छत्तीसगढ़ की मधु सिद्धार्थ ने भी इस ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने दो गोल दागकर टीम के स्कोर में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं गीता यादव ने भी एक गोल कर भारत की बढ़त मजबूत करने में योगदान दिया।
भारत-पाकिस्तान के बीच हॉकी मुकाबले हमेशा से खास आकर्षण का केंद्र रहे हैं, लेकिन इस बार भारतीय महिला खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल से नया इतिहास रच दिया। 19 गोल की यह जीत भारतीय टीम के आत्मविश्वास को और मजबूत करने वाली है। अब टीम की नजरें सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर खिताब की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ाने पर होंगी।






