वैशाली में निर्माणाधीन पुल का भारी ढांचा गिरा, 7 मजदूर घायल

बिहार के वैशाली जिले के लालगंज में गुरुवार को निर्माणाधीन पुल पर बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान पुल में इस्तेमाल किया जा रहा भारी लॉन्चर और लोहे का ढांचा अचानक नीचे गिर गया। हादसे की चपेट में आने से करीब सात मजदूर घायल हो गए। एक मजदूर का पैर भारी ढांचे के नीचे दब गया, जिसे रेस्क्यू टीम की मदद से बाहर निकाला गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

  जानकारी के मुताबिक यह पुल भारतमाला परियोजना के तहत NH-139W पर बनाया जा रहा है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि हादसा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली लॉन्चर मशीन को स्थानांतरित करने के दौरान हुआ। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल इस हादसे में किसी मौत की सूचना नहीं है।

हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। वहीं, NHAI की ओर से कहा गया है कि घटना में पुल की मुख्य संरचना को नुकसान नहीं पहुंचा है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा मानकों और कार्यप्रणाली की समीक्षा की जाएगी।

हादसे के बाद निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था और गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा और निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

About The Author

इन्हें भी पढ़े