छत्तीसगढ़ की तकदीर व तस्वीर बदलेंगे युवा टाउन प्लानर्स
छत्तीसगढ़ के शहरों की नई तस्वीर गढ़ेंगे युवा टाउन प्लानर्स, 21 सहायक संचालकों को नियुक्ति पत्र
राज्य निर्माण के बाद पहली बार नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में एक साथ 21 सहायक संचालकों की नियुक्ति
छत्तीसगढ़ –
छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ते शहरीकरण को अब नई दिशा देने की तैयारी है। राज्य निर्माण के बाद पहली बार नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में एक साथ 21 सहायक संचालकों (योजना) की नियुक्ति की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवचयनित अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए कहा कि भविष्य के शहरों की मजबूत नींव आज की सुनियोजित प्लानिंग से ही रखी जा सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों का विकास केवल वर्तमान जरूरतों को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की आवश्यकताओं को देखते हुए होना चाहिए। बढ़ती आबादी और शहरीकरण के बीच आवास, सड़क, परिवहन, पेयजल, जल निकासी, हरित क्षेत्र और बेहतर नागरिक सुविधाओं की जरूरत लगातार बढ़ रही है। ऐसे में आधुनिक और वैज्ञानिक टाउन प्लानिंग की भूमिका बेहद अहम है।
उन्होंने नवचयनित अधिकारियों से जनहित, पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवा महज नौकरी नहीं, बल्कि जनता के जीवन को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी है।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में छत्तीसगढ़ की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर : विजन 2047’ के माध्यम से विकास की स्पष्ट दिशा तय की है।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि युवा टाउन प्लानर्स आधुनिक तकनीक, प्रोफेशनल कार्य संस्कृति और दूरदृष्टि के साथ छत्तीसगढ़ के शहरों को अधिक व्यवस्थित, सुविधाजनक और भविष्य के लिए तैयार बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। कार्यक्रम में मंत्री केदार कश्यप और ओ.पी. चौधरी सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।





