नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता व नदी-तालाब-बांधों पर रखें ध्यान : जिला पंचायत सीईओ डॉ. चतुर्वेदी

समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को निर्देश-, खराब सड़कों पर जताई नाराजगी,- लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के आदेश

बलरामपुर (छत्तीसगढ़ )
छत्तीसगढ़ मे सरगुजा संभाग के बलरामपुर
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी कड़े रुख मे नजर आये उन्होंने जिले मे समय-सीमा की बैठक में स्पष्ट कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।साथ ही सभी प्राप्त शिकायतों और आवेदनों को गंभीरता से लिया जाए।

बलरामपुर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. चतुर्वेदी ने बारिश के मौसम को देखते हुए अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

सीईओ ने कहा कि बरसात के दौरान नदियों, तालाबों, बांधों और अन्य जलस्रोतों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत, आवारा मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखने और पुल-पुलियों की मरम्मत समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय गतिविधियों की विभागवार समीक्षा की।व सभी अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन और समय-सीमा के लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों और आवेदनों को गंभीरता से लिया जाए। किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

खराब सड़कों पर जताई नाराजगी–

सड़कों की खराब स्थिति पर जिला पंचायत सीईओ ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने सरगुजा, पीएमजीएसवाई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि खराब और गड्ढों वाली सड़कों को तत्काल सुधार कर आवागमन सुगम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों की स्थिति बेहतर होने से आमजन को सुविधा होगी और लोगों की परेशानी से राहत मिलेगी। सड़क किनारे आवश्यकतानुसार साइन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए। सड़कों पर पसरे पानी और मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं के संबंध में भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया। मवेशियों को सड़कों से हटाकर उचित एवं सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

डाक्टर चतुर्वेदी ने स्वच्छता और स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी जरूरी बतलाया व आंगनबाड़ी और स्कूलों की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश देते हुए स्वास्थ्य विभाग और नगरीय निकायों को भी आवश्यक निर्देश दिए। मच्छरों की अधिकता वाले स्थानों और नगरीय क्षेत्रों में नियमित फॉगिंग एवं मच्छर नियंत्रण गतिविधियां संचालित करने तथा जलजमाव वाले स्थलों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा।

बारिश के मौसम में संक्रामक जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान अस्पतालों में बालिका शौचालयों की स्थिति की जानकारी ली गई। जिन स्कूलों में शौचालय नहीं है अथवा खराब स्थिति में हैं, उनका तत्काल चिन्हांकन कर निर्माण एवं मरम्मत कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए।

About The Author

इन्हें भी पढ़े