समुद्र के बढ़ते स्तर ने बजाई खतरे की घंटी- मुंबई-कोलकाता समेत दक्षिण एशिया के तटीय शहरों पर बढ़ा खतरा,- करोड़ों लोगों के सामने विस्थापन की चुनौती
जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों के बीच समुद्र के बढ़ते जलस्तर ने दुनिया के सामने एक गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। संयुक्त राष्ट्र ने चेतावनी दी है कि समुद्र का बढ़ता स्तर तटीय शहरों और निचले इलाकों में रहने वाली आबादी के लिए बाढ़, विस्थापन और आजीविका के संकट को और गहरा कर सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक 2024 में वैश्विक समुद्र स्तर बढ़ने की वार्षिक दर करीब छह मिलीमीटर तक पहुंच गई, जो अब तक दर्ज सबसे ऊंची वार्षिक दर है।
दक्षिण एशिया को इस संकट से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में माना जा रहा है। संयुक्त राष्ट्र ने भारत के मुंबई और कोलकाता तथा बांग्लादेश की राजधानी ढाका जैसे निचले तटीय शहरों को विशेष जोखिम वाले क्षेत्रों में शामिल किया है। इन क्षेत्रों में समुद्र का बढ़ता जलस्तर और जमीन के धंसने की समस्या मिलकर बाढ़ और विस्थापन का खतरा बढ़ा रही है।

संयुक्त राष्ट्र के अनुसार दुनिया में करीब 77 करोड़ लोग ऐसे तटीय इलाकों में रहते हैं जो उच्च ज्वार रेखा से पांच मीटर से भी कम ऊंचाई पर हैं। समुद्र का स्तर बढ़ने के साथ इन आबादियों के सामने घर, भोजन, पानी और रोजगार की सुरक्षा का संकट बढ़ सकता है।
भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई के लिए यह चेतावनी विशेष महत्व रखती है। समुद्र से घिरे इस महानगर में भारी बारिश और जलभराव पहले से बड़ी चुनौती हैं। समुद्र के बढ़ते स्तर से भविष्य में इन समस्याओं की गंभीरता और बढ़ने की आशंका है। कोलकाता और गंगा-ब्रह्मपुत्र डेल्टा क्षेत्र भी इसी खतरे की जद में हैं।
संयुक्त राष्ट्र ने अपने रिपोर्ट मे स्पष्ट किया है कि समुद्र-स्तर वृद्धि अब भविष्य का नहीं, बल्कि वर्तमान का संकट है। इससे निपटने के लिए तटीय शहरों की बेहतर योजना, बाढ़रोधी ढांचा, जलवायु अनुकूलन और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जरूरी है। समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो समुद्र का बढ़ता स्तर आने वाले दशकों में रहने की जगह, पानी, भोजन और मानव विस्थापन का वैश्विक संकट और गंभीर कर सकता है।





