छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच, -रायपुर-जशपुर में आर्चरी अकादमी पर जोर

छत्तीसगढ़ –
छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए राज्य सरकार ने खेल अधोसंरचना और प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ की बैठक में कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए संसाधनों और अवसरों की कमी नहीं होने दी जाएगी।

खेलों को बढ़ावा देने के लिए रायपुर में करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक आर्चरी अकादमी तैयार की जा रही है। वहीं, जशपुर के पंडरापाठ में 20 से 25 करोड़ रुपये की लागत से आर्चरी अकादमी स्थापित की जाएगी। इससे वनांचल और जनजातीय क्षेत्रों की तीरंदाजी प्रतिभाओं को आधुनिक प्रशिक्षण और विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बस्तर और सरगुजा ओलंपिक को ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण मंच बताया। उन्होंने कहा कि खेल उत्कर्ष मिशन के जरिए प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

वहीं, छत्तीसगढ़ को 40वें नेशनल गेम्स की मेजबानी दिलाने के लिए शासन स्तर पर प्रयास करने का निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेजबानी मिलने पर बस्तर को भी आयोजन से जोड़ने की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा। इससे प्रदेश में खेल संस्कृति और स्थानीय खिलाड़ियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

About The Author