छात्र देश का भविष्य, चुनावी जागरूकता जरूरी: CEC ज्ञानेश कुमार
लखनऊ :- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा युवाओं में चुनावी साक्षरता बढ़ाने के लिए लखनऊ में “इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC 2.0) और ECINET” विषय पर दूसरे क्षेत्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि छात्र ही हमारे राष्ट्र का भविष्य हैं। युवाओं में चुनावी प्रक्रिया को लेकर विश्वास और जागरूकता विकसित करना लोकतंत्र के भविष्य में मजबूत निवेश है।उन्होंने कहा कि भारतीय चुनाव प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित है। चुनाव संविधान, कानून और आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप होते हैं। हर चरण में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ऑडिट और सत्यापन किया जाता है। इस दौरान ELC 2.0 को नए स्वरूप में प्रस्तुत किया गया, जिसकी टैगलाइन “लोकतंत्र सीखें, लोकतंत्र का नेतृत्व करें” रखी गई है। ELC 2.0 को ECINET डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा, जिससे देशभर के स्कूल, कॉलेजों के क्लब एक नेटवर्क में जुड़ेंगे। आयोग का लक्ष्य देश के करीब 15 लाख स्कूलों के 25 करोड़ विद्यार्थियों और 1,500 विश्वविद्यालयों के 4.33 करोड़ छात्रों तक पहुंचकर उन्हें चुनावी प्रक्रिया का जागरूक दूत बनाना है।






