श्रीरामलला के दर्शन के लिए कोरिया जिले के 108 श्रद्धालु अयोध्या रवाना

58 महिलाएं और 50 पुरुष शामिल, जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर बसों को किया रवाना
छत्तीसगढ़ -कोरिया – आस्था, भक्ति और धार्मिक विश्वास के प्रतीक भगवान श्रीरामलला के दर्शन के लिए कोरिया जिले के 108 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। श्रीरामलला दर्शन योजना के अंतर्गत बैकुंठपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर से श्रद्धालुओं को बसों के माध्यम से अंबिकापुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया। यहां से सभी श्रद्धालु रेल मार्ग द्वारा अयोध्या धाम पहुंचकर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन करेंगे।

इस धार्मिक यात्रा में 58 महिलाएं और 50 पुरुष शामिल हैं। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और श्रद्धा का वातावरण रहा। भगवान श्रीराम के दर्शन की अभिलाषा के साथ निकले श्रद्धालुओं के लिए यह यात्रा आध्यात्मिक शांति, आत्मिक संतोष और धार्मिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर है।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड, रायपुर के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के मार्गदर्शन में यात्रा की व्यवस्था की गई। कलेक्ट्रेट परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया। इस अवसर पर योजना के नोडल अधिकारी तथा समाज कल्याण विभाग के उप संचालक भी उपस्थित रहे।

श्रीरामलला दर्शन योजना धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ समाज में आस्था, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। यह योजना श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या के दर्शन का अवसर प्रदान कर रही है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े