लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरी भाजपा, ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ के नारों से गूंजा एमसीबी
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले– बार-बार झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने की कोशिश, भाजपा नहीं होने देगी मंसूबे कामयाब
भगत सिंह तिराहे से खेड़िया तिराहे तक निकली पदयात्रा, विधायक रेणुका सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले और पूर्व विधायक अवधेश चंदेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हुए शामिल

छत्तीसगढ़ एमसीबी – लोकतंत्र की रक्षा और अराजकता के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में शक्ति प्रदर्शन करते हुए ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ भव्य पदयात्रा निकाली। भगत सिंह तिराहे से शुरू हुई यह पदयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए खेड़िया तिराहे पर संपन्न हुई। पूरे रास्ते भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह और जोश देखते ही बना।
पदयात्रा में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले तथा सरगुजा प्रभारी एवं पूर्व विधायक अवधेश चंदेल प्रमुख रूप से शामिल हुए। इनके साथ पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में समर्थकों ने सहभागिता निभाई। हाथों में संदेश लिखी तख्तियां और जुबां पर नारे लिए कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प दोहराया।
कांग्रेस पर मंत्री का तीखा हमला-

पदयात्रा के समापन अवसर पर आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस झूठ फैलाकर सत्ता हासिल करना चाहती है। उन्होंने कांग्रेस पर अराजकता फैलाने के तीन उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि जब किसी बात को बार-बार दोहराया जाता है तो झूठ भी सच जैसा प्रतीत होने लगता है। भाजपा कांग्रेस के इस मंसूबे को सफल नहीं होने देगी। लोकतंत्र की रक्षा के लिए पार्टी सड़क पर उतरकर जनता के सामने कांग्रेस के कथित षड्यंत्रों का खुलासा करेगी।
इस आयोजन के जरिए भाजपा ने संगठनात्मक एकजुटता, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और अपने राजनीतिक अभियान का संदेश आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया। एमसीबी मुख्यालय मनेंद्रगढ़ की सड़कों पर उमड़ी कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने आयोजन को राजनीतिक रूप से खास बना दिया।





