रायपुर में अतिक्रमण और नो-पार्किंग पर ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा, छत्तीसगढ़

रायपुर राजधानी में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में मालवीय रोड और एमजी रोड पर पुलिस एवं नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई से सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

मालवीय रोड पर कार्रवाई के दौरान सड़क व फुटपाथ पर दुकान का सामान फैलाकर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों को समझाइश दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि निर्धारित सीमा से बाहर सामान रखने से पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी होती है। वहीं, नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 9 वाहनों को क्रेन से हटाकर चालानी कार्रवाई भी की गई।

एमजी रोड पर नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने दुकानों के बाहर सड़क व फुटपाथ पर रखे डमी पुतलों, डिस्प्ले सामग्री और अन्य सामान को हटवाया तथा कुछ सामग्री जब्त भी की। व्यापारियों को निर्धारित सीमा में ही कारोबार करने की हिदायत दी गई।

यातायात पुलिस ने व्यापारियों और नागरिकों से सड़क-फुटपाथ अतिक्रमण मुक्त रखने और केवल निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात बाधित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

About The Author