ट्रंप के घर में शी जिनपिंग की रणनीतिक बाजी? अमेरिका-चीन की जंग में कौन दबाव में, कौन फायदे में
नई दिल्ली – अमेरिका के वॉशिंगटन से निकली तस्वीर सिर्फ हाथ मिलाने की नहीं, बल्कि दुनिया की दो महाशक्तियों के बीच चल रही रणनीतिक शतरंज की है। कभी ट्रंप चीन पर टैरिफ की बौछार करते थे, लेकिन अब व्हाइट हाउस में शी जिनपिंग का भव्य स्वागत हुआ। सवाल इसलिए बड़ा है—क्या चीन ने अमेरिकी दबाव को झेलकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली?
टैरिफ पर ट्रंप की आक्रामक नीति को लगा ब्रेक-

मुलाकात के बाद अमेरिका और चीन ने व्यापार युद्ध को फिलहाल टालने की दिशा में कदम बढ़ाया है। दोनों देशों ने लगभग 30 अरब डॉलर के पारस्परिक टैरिफ कटौती समझौते और एआई पर बातचीत शुरू करने की घोषणा की है। व्यापारिक ट्रूस को भी दो महीने बढ़ाया गया है।
शी का संदेश—रेसलिंग नहीं, रेस!

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने साफ कहा कि अमेरिका और चीन के बीच मुकाबला ऐसा नहीं होना चाहिए जिसमें एक जीते और दूसरा हारे। उनका जोर प्रतिस्पर्धा को सीमित रखने, संवाद बढ़ाने और टकराव रोकने पर रहा। साथ ही उन्होंने ताइवान के मुद्दे पर अमेरिका से “सावधानी” बरतने और ताइवान की स्वतंत्रता का विरोध करने का आग्रह किया।
क्या ट्रंप शी के जाल में फंस गए?
राजनैतिक रूप पर चल रही इस चर्चा पर विदेशी मामलो के जानकार कहते है कि इसे सीधे “जाल” कहना जल्दबाजी होगी। लेकिन तस्वीर यह जरूर दिखाती है कि ट्रंप की अधिकतम टैरिफ-प्रेशर रणनीति चीन से तत्काल बड़ी रियायतें हासिल नहीं कर सकी। दूसरी ओर चीन ने व्यापार तनाव कम करने के साथ अपनी ताइवान और तकनीकी प्राथमिकताओं को बातचीत की मेज पर बनाए रखा।
असली लड़ाई अभी बाकी है-
दो महाशक्तियों की इस मुलाकात मे टैरिफ, दुर्लभ खनिज, एआई, सेमीकंडक्टर, ताइवान और ईरान—इनमें से किसी पर स्थायी समाधान नहीं हुआ है। इसलिए यह कहना भी जल्दबाजी होगी कि चीन ने अमेरिका को आइना दिखा दिया”। फिलहाल शी ने दबाव झेला, समय खरीदा और बातचीत को टकराव से सौदेबाजी की ओर मोड़ा; वहीं कहा जा सकता है कि ट्रंप ने भी तत्काल व्यापार युद्ध की वापसी टालकर आर्थिक राहत हासिल की।
दुनिया पर असर-
अमेरिका-चीन टकराव कम हुआ तो वैश्विक बाजार, सप्लाई चेन और व्यापार को राहत मिल सकती है। लेकिन यह शांति स्थायी है या अगली बड़ी सौदेबाजी से पहले का विराम—इसका फैसला आने वाले महीनों में होगा। अमेरिका और चीन की यह लड़ाई अब सिर्फ टैरिफ की नहीं, बल्कि तकनीक, व्यापार, ताइवान और वैश्विक प्रभाव की लड़ाई ज्यादा बताई जा रही है।





