तांडव की राजनीति या लोकतंत्र की लड़ाई? CJI से मुलाकात की जिद ने राहुल गांधी की रणनीति पर खड़े किए सवाल
जब देश का मुख्य न्यायाधीश राजनीतिक प्रतिनिधिमंडल से मिलने से इनकार कर कानूनी रास्ता अपनाने की सलाह दे चुका हो, तब भी सड़क से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च का ऐलान—क्या यह लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई है या राजनीतिक सुर्खियों में बने रहने की रणनीति?
नई दिल्ली – भारतीय राजनीति में राहुल गांधी एक बार फिर अपने आंदोलनात्मक तेवरों को लेकर चर्चा में हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई, कथित ‘वोट चोरी’, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस तथा INDIA गठबंधन ने सुप्रीम कोर्ट तक मार्च का ऐलान किया है। लेकिन CJI सूर्यकांत द्वारा राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे को मुलाकात का समय देने से इनकार किए जाने के बाद इस राजनीतिक रणनीति की दिशा और उद्देश्य पर सवाल उठने लगे हैं।

न्यायपालिका की मर्यादा बनाम राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन-
इस मुलाकात का मुद्दा गरमाने के बाद यकायक सी जे आई ने स्पष्ट किया कि संबंधित विषय न्यायालय में विचाराधीन हैं। ऐसे मामलों पर राजनीतिक प्रतिनिधिमंडल से प्रशासनिक स्तर पर चर्चा करना शक्तियों के पृथक्करण और न्यायिक मर्यादा के सिद्धांतों के विपरीत होगा। उन्होंने नेताओं को ज्ञापन सौंपने के बजाय विधिसम्मत न्यायिक प्रक्रिया अपनाने की सलाह दी। यानी न्यायालय का दरवाजा बंद नहीं हुआ, बल्कि प्रवेश का संवैधानिक रास्ता स्पष्ट किया गया।
ऐसे में सवाल उठता है कि जब कानूनी विकल्प उपलब्ध है, तो बड़े मार्च और राजनीतिक लामबंदी को प्राथमिकता देने के पीछे क्या रणनीति थी ? क्या कांग्रेस इस मुद्दे के माध्यम से मतदाता सूची की कथित अनियमितताओं पर राष्ट्रीय बहस खड़ी करना चाहती है, या आंदोलन के जरिए विपक्षी एकजुटता और अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता मजबूत करना चाहती है?
जनहित की लड़ाई या छवि बचाने की कवायद?
लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की रणनीति को केवल प्रचार की राजनीति कहना भी जल्दबाजी होगी। मतदाता के अधिकार, निष्पक्ष चुनाव और सरकारी कार्रवाई पर सवाल उठाना विपक्ष की लोकतांत्रिक जिम्मेदारी का हिस्सा है। दूसरी ओर, यदि आंदोलन के साथ ठोस प्रमाण, स्पष्ट मांगें और कानूनी कार्रवाई नहीं जुड़ती, तो राजनीतिक संदेश की विश्वसनीयता कमजोर पड़ सकती है।
इस रणनीति का वास्तविक लाभ या नुकसान नारों और रैलियों से नहीं, बल्कि प्रमाणों, न्यायिक परिणामों और जनता के भरोसे से तय होगा। राहुल गांधी के सामने चुनौती केवल चर्चा में बने रहने की नहीं, बल्कि यह साबित करने की है कि उनका संघर्ष राजनीतिक लाभ से आगे बढ़कर लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए है।





