छत्तीसगढ़ दौरे पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, AIIMS रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल

 भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन  एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और प्रमाण-पत्र प्रदान किए।

AIIMS रायपुर का तीसरा दीक्षांत समारोह संस्थान के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर रहा। संस्थान के अनुसार यह समारोह में चिकित्सा शिक्षा, शोध, नवाचार और मरीजों की सेवा के क्षेत्र में उपलब्धियों को सम्मानित किया गया।

विद्यार्थियों को उपराष्ट्रपति का संदेश

दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने नए चिकित्सकों और विद्यार्थियों से समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों से दूर रहने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि चिकित्सा का क्षेत्र केवल पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में मेडिकल क्षेत्र से निकलने वाले युवाओं की जिम्मेदारी समाज के प्रति और भी बढ़ जाती है।

AIIMS रायपुर को बताया बदलाव का प्रतीक

उपराष्ट्रपति ने AIIMS रायपुर को छत्तीसगढ़ में हो रहे बदलाव का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि राज्य ने नक्सलवाद, भय और अभाव के दौर से निकलकर शांति, विकास और नए अवसरों की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है। उनके मुताबिक जिन क्षेत्रों में कभी हिंसा का प्रभाव था, वहां अब सड़क, स्कूल, अस्पताल, बेहतर कनेक्टिविटी और निवेश जैसी विकास गतिविधियां दिखाई दे रही हैं।

उन्होंने छत्तीसगढ़ में शांति और विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।

About The Author