मेसी ने खेल को ‘सिर्फ जीतने’ से बड़ा अर्थ दिया- अब अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को कहा अलविदा – एक युग का अंत

अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से विदाई के साथ दुनिया लियोनेल मेसी के रूप में ऐसे खिलाड़ी को विदा होते देख रही है, जिसकी महानता केवल गोल और ट्राफियों में ही नहीं थी। गेंद के पैरों में आते ही रास्ता खोज लेना, एक क्षण में दिशा बदल देना और जरूरत पड़ने पर अकेले दम पर मुकाबले का रुख बदल देना उनकी असाधारण प्रतिभा का परिचायक था।

अर्जेंटीना के कप्तान और फुटबॉल के सबसे बड़े जादूगर लियोनेल मेसी ने सोमवार 31 अगस्त 2026 को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी है। 39 साल के मेसी ने इंस्टाग्राम पर तीन पन्नों की भावुक चिट्ठी लिखकर यह ऐलान किया।

मेसी का आखिरी मुकाबला 19 जुलाई को फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल रहा, जहां अर्जेंटीना को स्पेन के हाथों 1-0 से हार का सामना करना पड़ा। हार के 43 दिन बाद मेसी ने यह फैसला लिया। उन्होंने लिखा है कि उन्होंने यह चिट्ठी 21 जुलाई को फाइनल के दो दिन बाद ही लिख दी थी, लेकिन हाल में पिता के निधन के बाद उनका फैसला और पक्का हो गया।

भावुक चिट्ठी में क्या लिखा-

मेसी ने लिखा – “यह एक ऐसा फैसला था जिससे बहुत दुख हुआ, बहुत दुख हुआ और आज भी होता है, लेकिन मैं समझता हूं कि अब यही सही समय है। मैं कसम खाकर कहता हूं कि मैंने हमेशा अपना शत प्रतिशत दिया। सिर्फ पिछले कुछ सालों में नहीं जब हमने सब कुछ जीता, बल्कि उससे पहले भी। मैंने हमेशा इस जर्सी के लिए मैदान पर संघर्ष किया और अपना सब कुछ झोंक दिया ताकि आपको खुशी मिल सके। समय निकलता जा रहा है, मेरे पास देने के लिए अब कुछ नहीं बचा है। देश में कई बेहतरीन युवा खिलाड़ी हैं जो इस मौके के हकदार हैं।”

उन्होंने अंत में लिखा – “शुक्रिया अर्जेंटीना, अब मैं स्टैंड में बैठकर आप ही की तरह टीम को चीयर करूंगा।”

एक नजर मेसी के करियर पर-

– डेब्यू: 2005 में अर्जेंटीना के लिए।
– मैच और गोल: 21 साल के करियर में 207 मैच, 125 गोल – अर्जेंटीना के लिए सबसे ज्यादा।
– वर्ल्ड कप: 6 विश्व कप (2006, 2010, 2014, 2018, 2022, 2026) खेले। 2022 में विश्व चैंपियन, 2014 और 2026 में रनर-अप।
– कोपा अमेरिका: 7 बार खेले, 2021 और 2024 में चैंपियन।
– दूसरी बार संन्यास: 2016 में चिली से कोपा अमेरिका हारने के बाद पहली बार संन्यास लिया था, फिर लौटे थे।

मेसी का सबसे बड़ा सबक: जीत से बड़ी कहानी
कहा जाता है कि – अर्जेंटीना के लिए विश्व कप न जीत पाने की निराशा, बड़े मुकाबलों में मिली हार और 2016 में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की हताशा के बीच दुनिया ने उनके बारे में अपने निष्कर्ष निकाल लिए थे। सवाल उठने लगे थे कि क्लब में महान, लेकिन देश के लिए अधूरे मेसी क्या कभी अपनी कहानी बदल पाएंगे? इन सवालों के बीच वह लौटे, खेलते रहे, जीते और अंततः 2022 में विश्व कप भी जीता।

मेसी का यही सबसे महत्वपूर्ण सबक है। देश-दुनिया की सरहदों से परे सभी के लिए है। हम अपने बच्चों और युवाओं के बारे में राय बनाने में बहुत जल्दी करते हैं। कम अंक आए तो प्रतिभा पर सवाल, एक मैच में खराब प्रदर्शन के बाद खिलाड़ी के भविष्य का फैसला। सोशल मीडिया ने इस जल्दबाजी को और बढ़ा दिया है। मेसी का जीवन युवाओं के लिए यह सबक है कि खुद को दूसरों के आईने में मत देखो। मैदान और जीवन में, दोनों जगह हर विफलता के बाद गति बढ़ाना जरूरी नहीं, कभी अपनी दिशा देखना, अपनी ताकत पहचानना और फिर उसी जिद-जज्बे के साथ लौटना जरूरी होता है।

पुरानी पीढ़ी के लिए यह सीख कि युवाओं को उनकी हर विफलता के बाद यह बताने के बजाय कि वे क्या नहीं कर पाए, यह भरोसा देना ज्यादा जरूरी है कि वे आगे क्या कर सकते हैं।

2026 के विश्व कप फाइनल में हार ने भी उनकी महानता को कम नहीं किया। शायद मेसी लंबे समय तक इसलिए याद रहेंगे कि उन्होंने सिर्फ फुटबॉल नहीं बदला, बल्कि अपनी कहानी का क्लाइमेक्स अपनी काबिलियत, अपनी जिद और अपने जज्बे से लिखा और खेल को ‘सिर्फ जीतने’ से कहीं बड़ा अर्थ दे दिया।

About The Author