कार रोकने का बहाना, पलक झपकते ही सामान पार! रायपुर पुलिस ने ठगी के नए तरीके से किया सावधान
ऑयल लीक हो रहा है”, “टायर में दिक्कत है” जैसे बहानों से रहें सतर्क; अनजान व्यक्ति के कहने पर सड़क किनारे वाहन रोकने से बचें
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर शहर में कार चालकों को निशाना बनाकर कीमती सामान चोरी करने का नया तरीका सामने आया है। ठग पहले चालक का ध्यान कार की किसी कथित खराबी की ओर खींचते हैं और जैसे ही चालक वाहन से बाहर निकलकर जांच में व्यस्त होता है, गिरोह के अन्य सदस्य कार के अंदर रखा सामान लेकर फरार हो जाते हैं। रायपुर पुलिस ने नागरिकों को ऐसे मामलों से सतर्क रहने की अपील की है।
पुलिस के मुताबिक, थाना गंज रायपुर में दर्ज एक मामले में आरोपियों ने कार चालक को बोनट के सामने ऑयल गिरने या लीकेज होने की बात कहकर रोका। चालक ने कार सड़क किनारे खड़ी की और बोनट की जांच के साथ सर्विसिंग वाले से संपर्क करने में व्यस्त हो गया। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने कार के अंदर रखा बैग चोरी कर लिया। बैग में नकदी, बैंक संबंधी दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सामान रखा था।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रास्ते में कोई अनजान व्यक्ति “ऑयल गिर रहा है”, “कार से आवाज आ रही है” या “टायर में समस्या है” जैसे बहाने बनाकर वाहन रोकने को कहे तो तुरंत सतर्क हो जाएं। वाहन से उतरने से पहले कार में रखे कीमती सामान को अपने पास सुरक्षित रखें। यदि बाहर निकलना जरूरी हो तो वाहन को लॉक करना न भूलें।
संदेह की स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर 112 या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें।

रायपुर पुलिस का संदेश साफ है—सड़क पर अचानक मिलने वाली मदद के बहाने से सावधान रहें। कुछ सेकंड की सतर्कता आपकी मेहनत की कमाई और जरूरी दस्तावेजों को सुरक्षित रख सकती है।





