गड्ढों, धूल और बदहाल व्यवस्था के बीच अंबिकापुर की पहचान पर सवाल, आखिर जिम्मेदार कौन?
छत्तीसगढ़ – कभी बेहतर सड़क, स्वच्छता और व्यवस्थित नगरीय प्रबंधन के लिए प्रदेश ही नहीं, देश स्तर पर चर्चा में रहने वाला छत्तीसगढ़ का संभाग स्तरीय शहर अंबिकापुर आज अपनी ही व्यवस्थाओं से जूझता नजर आ रहा है। सरगुजा संभाग मुख्यालय जैसे महत्वपूर्ण शहर में सड़कों की बदहाली, जगह-जगह गड्ढे, बारिश में जलभराव और मौसम साफ होते ही उड़ती धूल ने शहर की तस्वीर पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शहर की सड़कों पर कहीं गड्ढे वाहन चालकों के लिए परेशानी बने हुए हैं तो कहीं निर्माण और मरम्मत कार्यों के बाद उड़ती धूल लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित कर रही है।अंबिकापुर मे सवाल सिर्फ सड़क की गुणवत्ता का नहीं, बल्कि योजना, निर्माण, निगरानी और जवाबदेही का है। आखिर सड़कें बनने के कुछ समय बाद ही खराब क्यों होती हैं? बार-बार मरम्मत के बावजूद समस्या स्थायी रूप से खत्म क्यों नहीं होती?


इस संबंध मे जिम्मेदारी केवल नगर निगम या किसी एक विभाग की बताकर मामला खत्म नहीं किया जा सकता। शहर की सड़क, नाली, जलनिकासी, सफाई और निर्माण कार्यों से जुड़े नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, ठेकेदार, संबंधित तकनीकी अधिकारी, निगरानी तंत्र और जनप्रतिनिधियों—सभी की भूमिका पर सवाल उठना स्वाभाविक है। जनता द्वारा लगाए जा रहे भ्रष्टाचार या अनियमितता के आरोपों की निष्पक्ष जांच और तथ्य सामने आना भी जरूरी है।
छत्तीसगढ़ मे अंबिकापुर की पहचान केवल पुराने पुरस्कारों और उपलब्धियों से कायम नहीं रह सकती। बेहतर शहर के लिए नियमित सड़क ऑडिट, गुणवत्तापूर्ण निर्माण, समयबद्ध मरम्मत, प्रभावी जलनिकासी, धूल नियंत्रण और सार्वजनिक शिकायतों पर जवाबदेह कार्रवाई जरूरी है।
इस संबंध मे सबसे बड़ा सवाल यही है—जब समस्या रोज दिखाई दे रही है, तो समाधान के लिए जिम्मेदार तंत्र कब जागेगा? अंबिकापुर को घोषणाओं और दावों से नहीं, बल्कि जमीन पर दिखने वाले काम से अपनी पुरानी पहचान वापस मिलेगी।वहीं जनता अब आश्वासन नहीं, परिणाम चाहती है।





