बिहार की राजनीति में अनंत सिंह के बयान से मचा बवाल, बोले— ‘नीतीश कुमार के लिए 9 मर्डर कराए’, विवाद बढ़ा तो लालू यादव पर लगाया गंभीर आरोप

बिहार की राजनीति में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के मोकामा विधायक और बाहुबली नेता के रूप में चर्चित अनंत सिंह के एक सनसनीखेज बयान ने सियासी हलचल तेज कर दी है। अनंत सिंह ने अपने पुराने राजनीतिक संघर्ष और नीतीश कुमार के साथ संबंधों का जिक्र करते हुए दावा किया कि उन्होंने नीतीश कुमार के लिए नौ लोगों की हत्या करवाई थी। उनका यह बयान सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में विवाद खड़ा हो गया। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद अनंत सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी बात का गलत अर्थ निकाला गया है। उनका कहना था कि लालू प्रसाद यादव के शासनकाल में उनके नौ साथियों की हत्या हुई थी।

नीतीश कुमार के लिए 9 हत्याएं करवाने का किया था दावा

दरअसल,  मीडिया से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने नीतीश कुमार के शुरुआती राजनीतिक दौर का जिक्र करते हुए कहा कि जब नीतीश कुमार की राजनीति में कोई खास पहचान नहीं थी, तब से वह उनके साथ खड़े रहे हैं।

अनंत सिंह ने पार्टी के लिए अपने योगदान और कुर्बानियों का जिक्र करते हुए नौ लोगों की हत्या करवाने की बात कही। उनके इस बयान ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

एक निर्वाचित विधायक द्वारा सार्वजनिक रूप से नौ हत्याएं करवाने जैसा दावा सामने आने के बाद यह बयान राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया।

विवाद बढ़ा तो बदला बयान, लालू यादव पर लगाए गंभीर आरोप

बयान को लेकर विवाद बढ़ने के बाद अनंत सिंह ने अपनी सफाई में कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से समझा गया।

उन्होंने दावा किया कि जब वह नीतीश कुमार के साथ जुड़े थे, उस दौरान बिहार में लालू प्रसाद यादव की पार्टी की सरकार थी। राजनीतिक विरोध के कारण उनके नौ साथियों की हत्या कर दी गई थी और उन्हें भी गोली लगी थी।

अनंत सिंह ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार का समर्थन करने के कारण उन्हें और उनके समर्थकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटनाक्रम के सदमे से उनके पिता का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था।

 

जेडीयू के भीतर भी बढ़ी राजनीतिक खींचतान

अनंत सिंह का यह विवादित बयान ऐसे समय सामने आया है, जब पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर जेडीयू के भीतर मतभेद की स्थिति बनी हुई है।

पार्टी ने नीरज कुमार को अपना आधिकारिक उम्मीदवार बनाया है, जबकि अनंत सिंह जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं।

इसी राजनीतिक खींचतान के बीच अनंत सिंह ने पार्टी के लिए अपने पुराने योगदान का जिक्र करते हुए नीरज कुमार पर सवाल उठाए थे।

जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा है कि अनंत सिंह का बयान और उसके बाद आई सफाई पार्टी के संज्ञान में है। वहीं, भाजपा ने इसे जेडीयू का आंतरिक मामला बताया है।

पुराने घटनाक्रम का भी किया जिक्र

अनंत सिंह ने अपने बयान में वर्ष 2004 के एक घटनाक्रम का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि उस समय उनके आवास पर एसटीएफ की कार्रवाई हुई थी, जिसमें उनके कई समर्थकों की मौत हो गई थी।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अगस्त 2004 में बिहार के बाढ़ स्थित लदवां गांव में पुलिस और अनंत सिंह के समर्थकों के बीच मुठभेड़ हुई थी। उस समय बिहार में राष्ट्रीय जनता दल की सरकार थी और राबड़ी देवी मुख्यमंत्री थीं।

About The Author

इन्हें भी पढ़े