मध्य प्रदेश के दमोह जिले के मगरोन थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में शनिवार सुबह एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या का मामला
मध्य प्रदेश के दमोह जिले के मगरोन थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में शनिवार सुबह एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और तीन बच्चों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे चारों की मौत हो गई। आरोपी पति द्वारका पटेल को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब 4:30 बजे की है। मृतकों की पहचान खेमा बाई (27) और उनके तीन बच्चों—7 वर्षीय बेटी, 4 वर्षीय बेटे और 1 वर्षीय बेटे के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। महिला की ओर से पहले पुलिस में शिकायत दर्ज कराए जाने की बात भी सामने आई है।

पुलिस का कहना है कि घटना से पहले शुक्रवार रात भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद परिवार के सदस्य सो गए। आरोप है कि तड़के आरोपी ने सो रहे पत्नी और बच्चों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को घर के बाहर कथित तौर पर कुल्हाड़ी के साथ हिरासत में लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे हैं। सागर से फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) टीम भी जांच के लिए बुलाई गई है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की जानकारी सामने आ सके।






