30 लाख के इनामी नक्सली बृजेश गंझू उर्फ गोपाल का वाराणसी में ATS एनकाउंटर, मुठभेड़ में ढेर
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में यूपी एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) और 30 लाख रुपये के इनामी नक्सली कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक, रामनगर क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान बृजेश को गोली लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, बृजेश गंझू झारखंड के चतरा जिले का रहने वाला था और प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TPC) का कमांडर बताया जाता था। उसके खिलाफ करीब 50 आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। इनमें दो मामलों की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से जुड़ी बताई गई है।

30 लाख रुपये का था इनाम
बृजेश गंझू पर कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इसमें झारखंड सरकार की ओर से 25 लाख रुपये और NIA की ओर से 5 लाख रुपये का इनाम शामिल था। सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थीं।
रामनगर में ATS ने रोकने की कोशिश की
ATS के मुताबिक, 20 सितंबर की सुबह सूचना मिली थी कि बृजेश अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से रामनगर इलाके से गुजर रहा है। टीम ने उसे रोककर गिरफ्तार करने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान उसने फायरिंग शुरू कर दी और जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ शुरू हो गई।

मुठभेड़ के दौरान ATS के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे।
हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से दो पिस्टल, एक कार्बाइन, बड़ी मात्रा में कारतूस और नकदी बरामद की गई है। बृजेश के साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।





