सरगुजा की सड़कों का अब होगा उद्धार, मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
छत्तीसगढ़ – बारिश के बीच बदहाल सड़कों से परेशान सरगुजा के लोगों के लिए राहत की खबर है। अंबिकापुर के खरसिया चौक की खराब सड़क का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से दूरभाष पर चर्चा कर सड़क की स्थिति की जानकारी ली और तत्काल आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने खरसिया चौक की सड़क के बड़े गड्ढों को भरने, समतलीकरण कराने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा है। साथ ही यातायात के अधिक दबाव वाले क्षेत्रों में पुलिस एवं यातायात विभाग के समन्वय से सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को भी निर्माणाधीन और क्षतिग्रस्त सड़कों की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यकता पड़ने पर स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करने को कहा है। मानसून के दौरान सड़कें आवागमन योग्य बनी रहें, इसके लिए गड्ढों की मरम्मत, बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और जल निकासी जैसे जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद सड़क निर्माण एवं स्थायी मरम्मत के कार्यों में तेजी लाकर उन्हें गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूरा करने पर भी मुख्यमंत्री ने जोर दिया है। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप से अब अंबिकापुर समेत सरगुजा की बदहाल सड़कों के जल्द सुधार की उम्मीद जगी है।






