एक करोड़ की उठाईगिरी का दूसरा आरोपी गिरफ्तार, 46 लाख के जेवर पहले ही बरामद
सरगुजा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपराधियों पर शिकंजा, फरार आरोपियों की तलाश जारी
छत्तीसगढ़ – सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स से करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की उठाईगिरी के मामले में सरगुजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डीआईजी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में साइबर सेल एवं थाना सीतापुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दूसरे आरोपी 30 वर्षीय शंकर प्रधान उर्फ बिन्नू निवासी पुरबो कोट, थाना कोरई, जिला जाजपुर, ओडिशा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर 26 जुलाई 2026 को सीतापुर स्थित कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक की स्कूटी से आभूषणों से भरा बैग पार कर दिया था। मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पूर्व में करीब 46 लाख रुपये कीमत के 300.92 ग्राम सोने एवं 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए थे।

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने प्रकरण में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
सरगुजा पुलिस की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और लगातार दबिश से अपराधियों में खलबली है। पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।






