अपराधों के त्वरित निराकरण और बेहतर पुलिसिंग पर एसपी हरिश राठौर सख्त, लंबित मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश

कोरिया पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक में विवेचना की गुणवत्ता, महिला सुरक्षा, अवैध कारोबार पर कार्रवाई और नवरात्रि में कानून व्यवस्था बनाए रखने पर दिया जोर
छत्तीसगढ़ –
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक हरिश राठौर ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सभी थाना-चौकी प्रभारियों और विवेचकों की अपराध समीक्षा बैठक लेकर लंबित अपराध, चालान, मर्ग और शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट कहा कि थाने पहुंचने वाले किसी भी फरियादी को निराश होकर नहीं लौटना पड़े तथा सभी के साथ शालीनता और सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए।

कोरिया मे सम्पन्न हुईं इस बैठक में एसपी ने अवैध कारोबार, जुआ-सट्टा, अवैध शराब, नशीली दवाओं और कोयला चोरी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एक माह से अधिक समय से लंबित वरिष्ठ कार्यालयों की शिकायतों सहित विवेचनाधीन मामलों की समीक्षा कर समयबद्ध निराकरण पर जोर दिया गया। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की शिकायतों पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

विवेचना की गुणवत्ता और दोषसिद्धि बढ़ाने पर जोर-

कोरिया एसपी राठौर ने विवेचना के स्तर में सुधार लाने और दोषसिद्धि दर बढ़ाने के लिए अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। राजपत्रित अधिकारियों को नियमित रूप से थानों का भ्रमण एवं औचक निरीक्षण करने को कहा गया। चोरी, नकबजनी, गृहभेदन और साइबर अपराधों को प्राथमिकता से सुलझाने के साथ निगरानी एवं गुंडा बदमाशों की सतत चेकिंग के निर्देश भी दिए गए।

नवरात्रि में रहेगी विशेष निगरानी-

नवरात्रि पर्व के दौरान गरबा स्थलों, दुर्गा पूजा पंडालों और प्रमुख मंदिरों के आसपास लगातार पेट्रोलिंग, विजिबल पुलिसिंग तथा महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीजे और लाउडस्पीकर के निर्धारित मानकों का पालन कराने तथा तेज रफ्तार, स्टंटबाजी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, एसडीओपी मोहसीन खान, डीएसपी अजाक नेलशन कुजूर, डीएसपी श्याम मधुकर सहित जिले के थाना-चौकी प्रभारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

इन्हें भी पढ़े