लगातार बारिश से टूटे भरतपुर ब्लॉक की पुल पुलिया -कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने दिखाई संवेदनशीलता, -आपदा निधि से बनेगी 80 लाख की 4 पुलिया

जोलगी, उचेहरा, तरतोरा और शेरी में होगा निर्माण, किसानों-छात्रों को मिलेगी राहत,

*एमसीबी( छत्तीसगढ़ )

एमसीबी जिले के भरतपुर विकासखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने ग्रामीण संपर्क को पूरी तरह तोड़ दिया है। नाले उफान पर हैं, पुल-पुलिया क्षतिग्रस्त हैं और ग्रामीणों को वैकल्पिक रास्तों से 10-15 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। इस संकट को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े ने जनहित में त्वरित और संवेदनशील कदम उठाया है।

कलेक्टर ने राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि से भरतपुर ब्लॉक की चार ग्राम पंचायतों में 4 नई पुलिया निर्माण के लिए कुल 80 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। प्रत्येक पुलिया के लिए 20-20 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। इन कार्यों का क्रियान्वयन जनपद पंचायत भरतपुर के माध्यम से होगा।

कहां-कहां बनेंगी पुलिया —

– ग्राम पंचायत जोलगी के नगडुल नाला में – 20 लाख
– ग्राम पंचायत उचेहरा के शेरी क्षेत्र अंतर्गत बैलजपारा में – 20 लाख
– ग्राम पंचायत तरतोरा के बिछली नाला में – 20 लाख
– ग्राम पंचायत शेरी के हर्राडीपा नाला में – 20 लाख

क्यों है यह फैसला महत्वपूर्ण–

भरतपुर आदिवासी और पहाड़ी क्षेत्र है। बरसात में यहां के नाले ही रास्ता बन जाते हैं। नगडुल, बिछली जैसे नालों में तेज बहाव से –

– स्कूली बच्चों को जान जोखिम में डालकर नाला पार करना पड़ता है।
– किसान अपनी उपज बाजार तक नहीं ले जा पाते।
– बीमारों को अस्पताल पहुंचाने में देर होती है, एंबुलेंस फंस जाती है।

अब पुलिया बनने से आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा। कृषि उपज बाजार तक पहुंचेगी, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।

MCB जिला मे लगातार बारिश के बीच जब जनजीवन अस्त-व्यस्त है, ऐसे में कलेक्टर सुश्री संतन जांगड़े का यह आपदा प्रबंध से त्वरित निर्माण का फैसला ग्रामीणों के लिए राहत की पुल साबित होगा।

About The Author