नाबालिगों को वाहन देना पड़ेगा भारी-, सूरजपुर पुलिस की सख्ती;- 4 वाहन पकड़े
छत्तीसगढ़ – सूरजपुर जिले मे सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के पालन को लेकर सूरजपुर पुलिस ने नाबालिगों के हाथों में वाहन देने वाले वाहन मालिकों और अभिभावकों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। जिले में चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान 4 नाबालिगों को मोटरसाइकिल चलाते पकड़ा गया।
पुलिस ने मौके पर नाबालिगों के परिजनों को बुलाकर उन्हें समझाइश दी और कम उम्र में वाहन चलाने से होने वाले गंभीर जोखिमों के साथ कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। नाबालिगों द्वारा चलाए जा रहे वाहनों के स्वामियों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए इस्तगाशा तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

सूरजपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नाबालिग को वाहन देना वाहन स्वामी या अभिभावक के लिए भारी पड़ सकता है। नियमानुसार 25 हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
सूरजपुर पुलिस ने अभिभावकों से अपील की कि निर्धारित आयु और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना बच्चों को वाहन न दें। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान के साथ नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।






