कोमल ज्वेलर्स में सेंधमारी कर चोरी करने की घटना का खुलासा, एक विधि से संघर्षरत बालक से चांदी की प्लेटें और सब्बल जब्त
दूसरे बालक की तलाश जारी, पुलिस ने चांदी की प्लेटों सहित मोबाइल फोन भी किया जब्त
MCB – जिले के पोड़ी थाना क्षेत्र में कोमल ज्वेलर्स दुकान की पिछली दीवार तोड़कर चांदी के बर्तन और भगवान की चांदी की मूर्तियां चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक से चोरी की दो चांदी की प्लेटें, घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल और मोबाइल फोन जब्त किया गया है। घटना में शामिल दूसरे विधि से संघर्षरत बालक की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 14 एवं 15 अक्टूबर 2026 की दरम्यानी रात पोड़ी वार्ड क्रमांक-03 स्थित कोमल ज्वेलर्स दुकान की पिछली दीवार तोड़कर अज्ञात व्यक्तियों ने चांदी के बर्तन एवं भगवान की चांदी की मूर्तियां चोरी कर ली थीं। चोरी गई चांदी का कुल वजन लगभग दो किलोग्राम बताया गया है।

दुकान संचालक मनोज सोनी, निवासी पोड़ी की रिपोर्ट पर थाना पोड़ी में अपराध क्रमांक 153/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305(क) में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पूछताछ में सामने आया मामला-
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने संदेहियों से पूछताछ करते हुए चोरी गए सामान और घटना में शामिल व्यक्तियों की पतासाजी की। इसी दौरान एक विधि से संघर्षरत बालक से पूछताछ में उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
चांदी की प्लेटें, सब्बल और मोबाइल जब्त-
पुलिस ने संबंधित बालक के कब्जे से दो चांदी की प्लेटें, जिनकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है, दुकान की दीवार तोड़ने में प्रयुक्त एक लोहे का सब्बल तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया है। मामले में शामिल दूसरे विधि से संघर्षरत बालक की तलाश जारी है और प्रकरण की अग्रिम विवेचना की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक चिरमिरी रवि कुजूर के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना पोड़ी, पुलिस चौकी नागपुर, थाना चिरमिरी एवं साइबर सेल के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





